BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

धारदार हथियार और ईंट से हमला कर हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी


पलामू: जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत वैद्य बिगहा गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे स्थित खाली खेत से 35 से 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधियों ने तेज धारदार हथियार एवं ईंट से हमला कर व्यक्ति की निर्मम हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया।
इस संबंध में पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार ने बताया कि चौकीदार के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा घटनास्थल के आसपास के रास्तों और नजदीकी क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।