आंवला नवमी पर श्रीराम मंदिर परिसर में कल्पवृक्ष का रोपण, श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना
धर्म के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
अलका मिश्रा,बोकारो।
आंवला नवमी के पावन अवसर पर बोकारो स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ कल्पवृक्ष का रोपण किया गया। हिंदू धर्म में कल्पवृक्ष को पवित्र एवं मनोकामना पूर्ण करने वाला वृक्ष माना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार इसकी उत्पत्ति समुद्र मंथन के दौरान हुई थी और इसे 5000 वर्षों से अधिक जीवित रहने वाला वृक्ष बताया जाता है।
कल्पवृक्ष का संयुक्त रूप से रोपण चास कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. श्रीकांत सिन्हा, राम मंदिर ट्रस्ट के मैनेजर कुंवर जी पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार अजय अश्क और मंदिर के पुजारी अवधेश झा ने किया। इस अवसर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं ने वृक्ष पर जल अर्पित कर उसके संरक्षण का संकल्प लिया।
उपस्थित लोगों ने कहा कि कल्पवृक्ष का रोपण धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। वृक्षारोपण से न केवल वातावरण स्वच्छ होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।






