चोरी के दो मामलों का खुलासा, स्मार्ट टीवी और 14 सीसीटीवी कैमरे बरामद
दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूल से स्मार्ट टीवी चोरी में जेल में बंद आरबी खान का भी नाम आया सामने
बोकारो। चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित नव प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी और सूरज ज्वेलर्स से सीसीटीवी कैमरे की चोरी के दो मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी हुआ स्मार्ट टीवी, 14 सीसीटीवी कैमरे, जियो एयर फाइबर का एंटीना, प्लास, हथौड़ी और कटर बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, चोरी की सूचना मिलने के बाद दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सदर, चास की अध्यक्षता में छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने बोकारो के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।सीसीटीवी कैमरा चोरी के मामले में पुपुनकी निवासी अरमान अंसारी, पिता महमूद अंसारी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर 14 सीसीटीवी कैमरे, जियो एयर फाइबर का एंटीना सहित चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए। इस संबंध में चास मुफस्सिल थाना कांड संख्या 113/26, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।वहीं, नव प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी चोरी के मामले में सिवनडीह निवासी जमील अंसारी, पिता मोसिम अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान जमील ने आजादनगर निवासी आरबी खान के साथ मिलकर स्कूल से स्मार्ट टीवी चोरी करने की बात स्वीकार की। जमील की निशानदेही पर चोरी हुआ स्मार्ट टीवी पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के मोहनडीह से बरामद किया गया। इस मामले में चास मुफस्सिल थाना कांड संख्या 114/26, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को बीएनएस की धारा 305(e)/331(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरबी खान एक अन्य मामले में पहले से जेल में बंद है। वहीं छापेमारी दल में चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक मो. मोजम्मिल, राजीव रंजन, रवि भारती, मो. मकसूद अहमद तथा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।






