बक्सा पुल को चालू कराने की मांग पर आंदोलन तेज, दूसरे दिन भी जारी रहा अनिश्चितकालीन सत्याग्रह
अधिवक्ता योगेन्द्र यादव के समर्थन में उतरे विभिन्न दलों के नेता और जनप्रतिनिधि, निर्माण कार्य पूरा कर आवागमन बहाल करने की उठी मांग
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
चतरा/ इटखोरी। बक्सा पुल के निर्माण कार्य में हो रही देरी और नवनिर्मित पुल से अब तक आवागमन शुरू नहीं होने को लेकर लोगों का आक्रोश सामने आने लगा है। पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा नवनिर्मित पुल को आम जनता के लिए चालू करने की मांग को लेकर अधिवक्ता योगेन्द्र यादव द्वारा शुरू किया गया शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन सत्याग्रह दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के दूसरे दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इसे व्यापक समर्थन मिलने का संकेत दिया।सत्याग्रह स्थल पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं सिमरिया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनोज चंद्रा, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित कुमार, सेवानिवृत्त प्रशासनिक पदाधिकारी बाल गोविंद राम, मुखिया बद्री यादव, मुखिया अशोक यादव तथा पूर्व मुखिया लक्ष्मी सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण पहुंचे।इस दौरान सभी ने एक स्वर में बक्सा पुल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और नवनिर्मित पुल पर आवागमन तत्काल शुरू कराने की मांग उठाई। समर्थकों ने कहा कि पुल का निर्माण आम लोगों की सुविधा और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखकर किया गया है। ऐसे में निर्माण कार्य अधूरा रहने अथवा पुल तैयार होने के बावजूद आवागमन शुरू नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने अधिवक्ता योगेन्द्र यादव के आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मामले में अविलंब हस्तक्षेप करने की मांग की। अब देखना यह है कि लगातार जारी सत्याग्रह और बढ़ते जनसमर्थन के बाद प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है।






