माओवादी आत्मसमर्पण से जुड़े 24 आवेदनों की डीसी ने की समीक्षा, पात्र लाभुकों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
पुनर्वास, बच्चों की शिक्षा और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर, आवंटन की कमी होने पर संबंधित विभागों को मांग भेजने का निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
चतरा। माओवादी आत्मसमर्पण करने वाले व्यक्तियों एवं उनके परिवारों के पुनर्वास और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आत्मसमर्पण से संबंधित कुल 24 आवेदनों की समीक्षा की गई। इस दौरान सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत पात्र लाभुकों को मिलने वाले लाभ एवं सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा की गई।बैठक में आत्मसमर्पण करने वाले व्यक्तियों और उनके परिवारों के पुनर्वास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। इसमें बच्चों की शिक्षा, आवासीय सुविधा तथा सरकार की ओर से निर्धारित अन्य लाभों की उपलब्धता पर विशेष रूप से चर्चा हुई।
पात्र लाभुकों को समय पर मिले लाभ
उपायुक्त रवि आनंद ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की निर्धारित सरकारी प्रावधानों के अनुरूप जांच कर पात्र लाभुकों को देय लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुनर्वास से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र लाभुकों को सरकारी सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।
आवंटन की कमी होने पर विभाग करें मांग
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि आवंटन के अभाव में किसी पात्र लाभुक को निर्धारित लाभ उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है, तो संबंधित विभाग आवश्यक आवंटन की मांग करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र लाभुक सरकार की ओर से निर्धारित सुविधाओं से वंचित न रहें।उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पुनर्वास से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने पर भी जोर दिया।बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया प्रदीप कुमार महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा सन्नी वर्धन, सामान्य शाखा प्रभारी विनय कुमार, सभी संबंधित अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।






