चतरा जिले के 11 पुलिस पदाधिकारी व जवानों ने दिया था सर्वोच्च बलिदान, परिजनों को किया गया सम्मानित
रांची एक्सप्रेस संवाददाता,
चतरा। देशभर में 21 अक्टूबर को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर चतरा में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए वीर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में शहीदों के परिजन भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बताया गया कि 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कुल 154 पुलिसकर्मी एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवान और पदाधिकारी कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए हैं। इनमें झारखंड के एक पुलिस पदाधिकारी और दो आरक्षी शामिल हैं। वहीं, चतरा जिले में तीन पुलिस पदाधिकारी और आठ पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी। इसके अतिरिक्त चतरा के निवासी दो अन्य पुलिसकर्मी भी दूसरे जिलों में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए थे।इस मौके पर पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और देश के प्रति समर्पण को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहते हैं। देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राणों की परवाह किए बिना कर्तव्य निभाना उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
वक्ताओं ने कहा कि शहीद जवानों का त्याग और बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश की सेवा और जनता की सुरक्षा के संकल्प को और मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना और सम्मान व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया गया कि पुलिस विभाग हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग करेगा। अंत में वीर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।







