इनर व्हील क्लब की अनोखी पहल: देवघर जेल के बुजुर्ग और बीमार बंदियों को दी व्हीलचेयर, मानवीय गरिमा का दिया संदेश
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : सेवा का अर्थ सिर्फ मदद करना नहीं, बल्कि किसी के जीवन को थोड़ा आसान बनाना भी है। इसी मानवीय सोच के साथ इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर ने गुरुवार को देवघर मंडल कारा में वृद्ध और बीमार बंदियों की सुविधा के लिए एक व्हीलचेयर प्रदान की।
क्लब का उद्देश्य उन बंदियों को आवागमन में सहूलियत देना है, जो उम्र या गंभीर बीमारी के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं। क्लब का मानना है कि परिस्थिति चाहे जो भी हो, मानवीय गरिमा और सम्मान हर व्यक्ति का अधिकार है।
क्लब की अध्यक्ष डॉ. ममता किरण ने कहा कि एक छोटा सा सहयोग भी किसी के रोजमर्रा के जीवन में बड़ी राहत दे सकता है। जेल में बंद बुजुर्ग बंदियों को वार्ड से अस्पताल या मुलाकात स्थल तक जाने में काफी कठिनाई होती थी, जिसे देखते हुए यह पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब हम जरूरतमंदों की कठिनाइयों को समझकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।
इस नेक कार्य में देवघर जेल के जेलर प्रमोद कुमार का विशेष सहयोग रहा। उनके सकारात्मक दृष्टिकोण से यह पहल सफल हो सकी।
डॉ. ममता किरण के नेतृत्व में क्लब लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए कार्य कर रहा है। इस अवसर पर क्लब की सचिव अर्पणा सिन्हा, उपाध्यक्ष कंचन मूर्ति, पूर्व अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा, आईएसओ अर्चना सिन्हा और कार्यकारिणी सदस्य डॉ. चेतना भारती मौजूद थीं।






