बैंक हड़ताल टली, यूनियनों और IBA के बीच बनी सहमति
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : देशभर के बैंक कर्मियों की आज से शुरू होने वाली प्रस्तावित हड़ताल टल गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के बीच रविवार, रात 9:30 बजे हुई बैठक में सहमति बनने के बाद हड़ताल और आंदोलन के सभी कार्यक्रमों को स्थगित करने का फैसला लिया गया है।
UFBU ने रविवार, 27 सितंबर 2026 द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से IBA के साथ सहमति बन जाने और हड़ताल टलने की जानकारी दी गई है।
बैठक में 04 अहम बिंदुओं पर सहमति बनी है :-
1. सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग पर विचार के लिए IBA और UFBU की एक उच्च स्तरीय कमेटी तुरंत बनाई जाएगी। यह कमेटी सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी, सभी हितधारकों और सबसे महत्वपूर्ण रूप से ग्राहकों के साथ चर्चा करेगी और सभी को स्वीकार्य समाधान पर काम करेगी।
2. स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI स्कीम को लेकर चर्चा IBA के साथ शुरू होगी, ताकि सरकार को स्कीम में संशोधन का प्रस्ताव दिया जा सके और यूनियनों की आपत्तियों को दूर किया जा सके।
3. 08 मार्च 2024 के मिनट्स में सूचीबद्ध बचे हुए मुद्दों पर शीघ्र समाधान के लिए दोनों पक्षों के बीच चर्चा होगी।
4. उपरोक्त सहमति को देखते हुए UFBU ने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई है। विस्तृत सर्कुलर बाद में जारी किया जाएगा।
UFBU में AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC शामिल हैं। सर्कुलर पर सीएच वेंकटचलम (AIBEA), रूपम रॉय (AIBOC), एल चंद्रशेखर (NCBE), संजय खान (AIBOA), देबाशीष बसु चौधरी (BEFI), प्रेम मक्कड़ (INBOC) और ओपी शर्मा (INBEF) के हस्ताक्षर हैं।
इस फैसले से बैंक ग्राहकों ने राहत की सांस ली है। अगर हड़ताल होती तो आज से बैंकों में कामकाज ठप होने की आशंका थी। अब सभी बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे।


.jpg)




