देवघर के आमों को मिली वैश्विक पहचान, महिला किसानों का 01 टन आम्रपाली आम पहुंचा दुबई.
■ पहली बार जिले से सीधे लुलु रिटेल स्टोर में बिका देवघर का आम, किसानों के लिए खुले नए अवसर
अमित कुमार
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : जिले में उगाए गए 'आम्रपाली' आम ने अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बना ली है। देवघर से विशेष पैकेजिंग के साथ भेजी गई 01 टन यानी 1000 किलोग्राम आम्रपाली आम की पहली खेप दुबई के सुप्रसिद्ध 'लुलु रिटेल स्टोर' में बिक्री के लिए पहुंच गई है।
यह पहला अवसर है जब देवघर जिले के स्थानीय किसानों, विशेषकर महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला कृषकों द्वारा उत्पादित किसी फल को सीधे वैश्विक बाजार में पहचान मिली है। इस निर्यात में मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी (FPO) से जुड़ी महिला किसानों की अहम भूमिका रही। APEDA के सहयोग से गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार आमों की विशेष पैकेजिंग की गई ताकि ताजगी और स्वाद बरकरार रहे।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने कहा कि यह कदम न केवल जिले के किसानों के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण का प्रतीक है, बल्कि इससे स्थानीय कृषि उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए द्वार भी खुल गए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस सफल शुरुआत के बाद आने वाले दिनों में जिले के अन्य कृषि उत्पादों को भी वैश्विक मंच पर ले जाने की योजना बनाई जा रही है। इससे क्षेत्र के किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी और देवघर की कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग को मजबूती मिलेगी।





