■ कुरा जंगल में नीम के पेड़ से लटका मिला शव
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : चितरा थाना क्षेत्र के दूधिचुआं गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार गांव से करीब 500 मीटर दूर कुरा जंगल के समीप एक नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका युवक का शव ग्रामीणों ने देखा। सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान दूधिचुआं गांव निवासी उमेश मंडल के 26 वर्षीय पुत्र प्रकाश मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रकाश का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। गुस्से में वह घर से निकल गया और कुछ देर बाद जंगल में जाकर फांसी लगा ली।
परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पत्नी, मां और बहन का चित्कार से माहौल गमगीन हो गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलने पर चितरा थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर कागजी प्रक्रिया पूरी की और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






