BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गोड्डा में जिला क्रिकेट संघ की एजीएम, 24 अक्टूबर से शुरू होगी क्रिकेट लीग


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : जिला क्रिकेट संघ की वार्षिक आम बैठक रविवार को शुभदा भवन में आयोजित की गई। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष एच एम बोदरा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सदर एसडीएम बैजनाथ उरांव मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने एनुअल बुक का विमोचन किया।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि संघ हर वर्ष एजीएम कर पिछले कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करता है, जो सराहनीय है। पिछले सत्र में संघ का प्रदर्शन शानदार रहा है।

उपाध्यक्ष अमित बोस ने पिछले सत्र का ब्यौरा रखा। उन्होंने बताया कि संघ ने कुल 118 मैचों का सफल आयोजन कराया। जेएससीए के टूर्नामेंट में गोड्डा का प्रदर्शन अच्छा रहा। अंडर-19 टीम चैंपियन बनी, अंडर-14 ईस्ट जोन चैंपियन रही और सीनियर टीम सेमीफाइनल तक पहुंची।

सचिव रंजन कुमार ने सत्र 2026-27 का क्रिकेट कैलेंडर जारी किया। उन्होंने बताया कि क्रिकेट लीग की शुरुआत 24 अक्टूबर से होगी और बहुप्रतीक्षित गोड्डा प्रीमियर लीग का आयोजन 20 दिसंबर से किया जाएगा।

कोषाध्यक्ष सनोज कुमार ने आय-व्यय की ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। सदस्यों ने संघ की पारदर्शिता और खिलाड़ियों को मिले अवसरों की सराहना की।

*प्रतीक आर्यन बने बेस्ट प्लेयर*

पिछले सत्र के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रतीक आर्यन को दिया गया। साथ ही बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, अंपायरों, स्कोरर, कोच और सपोर्टिंग स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।

अंत में उपाध्यक्ष तनवीर अहमद इरफानी और संयुक्त सचिव डॉ. मौसम ठाकुर ने कहा कि नए सत्र में क्रिकेट को और व्यवस्थित व प्रतिस्पर्धी बनाने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने पर जोर रहेगा। मौके पर दीपक यादव, संजीव कुमार, शिवकुमार यादव, मुकेश मंडल, राजीव भंडारी सहित संघ के कई सदस्य मौजूद थे।