जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारी शुरू, डीसी ने किया 05 दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को त्रुटिहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को परिसदन सभागार में जिला स्तरीय पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने की।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 अक्टूबर से 03 नवंबर 2026 तक संचालित होगा। इसमें जिला, अनुमंडल, शहर और चार्ज स्तर पर प्रतिनियुक्त सभी जनगणना पदाधिकारियों और तकनीकी सहायकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी जनगणना के प्रगणन कार्य को सटीकता के साथ पूरा करना है, ताकि एक भी व्यक्ति गणना से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के भविष्य की दशा और दिशा तय करने वाला सबसे बड़ा महाअभियान है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, आरक्षण, परिसीमन और विकास नीतियों का निर्धारण होता है। इसलिए इस कार्य में जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु, तकनीकी पहलू और डिजिटल प्रक्रिया को गंभीरता से समझें। फील्ड में काम के दौरान आम नागरिकों के साथ विनम्र व्यवहार रखें और किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर करें। उन्होंने सभी प्रभारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर ससमय कार्य पूरा करने को कहा।
इस दौरान केंद्रीय प्रशिक्षकों की टीम ने अधिकारियों को जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। टीम ने बताया कि इस बार जनगणना का अधिकांश कार्य डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। प्रगणकों को मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा एंट्री, जियो टैगिंग, परिवार की जानकारी, मकानों की सूची और अन्य सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों को कैसे भरना है, इसकी व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही फील्ड में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा हुई।
मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, केंद्रीय प्रशिक्षक दल के सदस्य, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारी, तकनीकी सहायक, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी और संबंधित कर्मी उपस्थित थे।






