एसडीपीओ ने राजाभिट्ठा थाना का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : सदर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने रविवार को राजाभिट्ठा थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, पुलिसिंग व्यवस्था और अभिलेखों का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में एसडीपीओ ने थाना में संधारित विभिन्न रजिस्टरों, केस डायरी और लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर जोर दिया। थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि अनुसंधान में तेजी लाएं और न्यायालय में समय पर चार्जशीट दाखिल करना सुनिश्चित करें।
कानून-व्यवस्था को लेकर एसडीपीओ ने कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित और सघन रात्रि गश्ती बढ़ाने को कहा, ताकि अपराध पर अंकुश लग सके। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया।
उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, अवैध शराब बिक्री और अन्य संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कड़ी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही साइबर अपराध और महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने का निर्देश दिया।
एसडीपीओ भारद्वाज ने आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका त्वरित समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत किया जाए, जिससे लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े। थाने में आने वाले हर फरियादी से शालीन व्यवहार करने की हिदायत भी दी।
निरीक्षण के दौरान पथरगामा सह गोड्डा पुलिस निरीक्षक दिनेश महली भी मौजूद रहे। उन्होंने भी थाने की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
इस निरीक्षण से थाना क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।






