बराहमोरिया में अवैध शराब कारोबार पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 9000 किलो जावा महुआ नष्ट, 350 लीटर शराब जब्त
संजीत सिंह ब्यूरो गिरिडीह
गिरिडीह: जिले में अवैध शराब निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराहमोरिया गांव में संचालित अवैध महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान करीब 9000 किलोग्राम जावा महुआ एवं 350 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई, जिसे जब्त करने के साथ जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश तथा अधीक्षक उत्पाद शिव प्रसाद साहू के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग एवं मुफ्फसिल थाना की संयुक्त टीम ने गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्टियों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त किया गया तथा शराब कारोबारियों के घरों एवं संभावित ठिकानों की तलाशी ली गई।
छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब निर्माण के लिए संग्रहित जावा महुआ बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। वहीं बिक्री एवं आपूर्ति के लिए तैयार 350 लीटर अवैध महुआ शराब भी जब्त की गई। अधिकारियों के अनुसार पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए।
प्रशासन ने फरार आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में मुफ्फसिल थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक श्याम किशोर महतो, उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियानन, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक राहुल कुमार सहित उत्पाद विभाग, पुलिस बल, गृहरक्षक बल एवं जिला क्यूआरटी के जवान शामिल थे।
प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।





