रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : साथी संस्था द्वारा संचालित सुरक्षित बचपन के लिए दामीन पहल परियोजना के अंतर्गत सोमवार को साथी सभागार में जिला स्तरीय हितधारकों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य परियोजना के क्रियान्वयन से समुदाय में आए बदलावों पर चर्चा करना तथा बाल संरक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए आगामी रणनीति एवं कार्ययोजना तैयार करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ओमप्रकाश, बाल कल्याण समिति की सदस्या सलोमी किस्कू, परियोजना समन्वयक एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने कहा कि साथी संस्था जिले के विभिन्न हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर बाल संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। संस्था द्वारा जिले के दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचकर समुदाय को बाल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय भाषाओं में समुदाय के साथ संवाद स्थापित कर जागरूकता फैलाने के प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर ओमप्रकाश ने मिशन वात्सल्य के प्रावधानों के अनुसार, पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण समितियों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करने के लिए सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी एवं आपसी समन्वय पर जोर दिया।
दामीन पहल परियोजना के प्रखंड समन्वयक ने परियोजना के कार्यक्षेत्र में समुदाय के बीच आए सकारात्मक बदलावों तथा बाल संरक्षण के प्रति लोगों में विकसित हो रही समझ और जागरूकता पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। साथ ही बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे की रणनीति एवं कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला में बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न हितधारकों सहित कुल 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया।







