BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दुर्गा पूजा से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो सड़क पर उतरेंगे व्यवसायी


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गिरिडीह :सरिया बाजार की चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर रविवार को मंडल धर्मशाला में विद्युत संघर्ष समिति की बैठक हुई। बैठक में सरिया व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों के साथ समिति के सदस्यों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए दुर्गा पूजा से पहले विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। समिति ने स्पष्ट किया कि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो व्यवसायी संघ के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। बैठक में तीन प्रमुख मांगों पर जोर दिया गया। इनमें सरिया मुख्य बाजार एवं काली मंडा को नए फीडर से जोड़ते हुए नगर पंचायत फीडर को तत्काल चालू करना, बाजार में जर्जर 11 हजार वोल्ट के तार एवं इंसुलेटर को दुर्गा पूजा से पूर्व बदलना तथा पर्याप्त विद्युतकर्मियों एवं हेल्परों की बहाली शामिल है। समिति ने कहा कि बाजार क्षेत्र में बिजली फॉल्ट होने पर उसे ठीक करने में काफी समय लग जाता है, जिससे दुकानदारों के साथ आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। समिति के अनुसार बाजार की बिजली व्यवस्था संभालने में विद्युतकर्मी राजेश रवानी लगातार तत्पर रहते हैं, लेकिन पर्याप्त सहयोगी कर्मियों के अभाव में फॉल्ट दूर करने में अनावश्यक विलंब होता है। आरोप लगाया गया कि जिस तकनीकी खराबी को करीब आधे घंटे में ठीक किया जा सकता है, उसमें कई बार चार घंटे तक लग जाते हैं। दिन-रात प्रभावी ड्यूटी की मांग बैठक में विद्युत कर्मियों की दिन-रात प्रभावी ड्यूटी और कार्यों का व्यवस्थित बंटवारा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई, ताकि तकनीकी खराबी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। समिति ने कहा कि त्योहार के दौरान बाजार में भीड़ और व्यापारिक गतिविधियां बढ़ती हैं, ऐसे में निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। समिति ने विद्युत विभाग से दुर्गा पूजा से पहले सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सरिया व्यवसायी संघ और विद्युत संघर्ष समिति संयुक्त रूप से आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जवाबदेही विद्युत विभाग की होगी। बैठक में अध्यक्ष विशाल गंभीर, उपाध्यक्ष विनोद मंडल, सचिव जिमी चौरसिया, कोषाध्यक्ष रमेश बर्णवाल, व्यवसायी संघ के प्रतिनिधि संजय मोदी, अभिषेक आनंद, सुमित बर्णवाल, मनोज कुमार, ऋषभ अजमानी, राहुल गंभीर, पिंटू कुमार चौरसिया, रंजीत कुमार, विजय मंडल, अली अहमद, राजन गुप्ता, सुबोध मोदी, मंटू गुप्ता, सन्नी चौरसिया, सुमित मोदी समेत कई लोग मौजूद थेl