BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

घर में फंदे से लटकी मिली महिला, मौत से गांव में मची सनसनी


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के तेलोनारी पंचायत अंतर्गत परसन गांव में रविवार की देर शाम एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान परसन गांव निवासी किशोर वर्मा की पत्नी बैजन्ती देवी करीब 36 वर्षीय के रूप में हुई है। सूचना पर बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। बताया जाता है कि बैजन्ती देवी अपने दो बच्चों के साथ गांव स्थित घर में रहती थी। उसकी एक पुत्री की शादी हो चुकी है। मृतका का पति किशोर वर्मा सूरत में रहकर मजदूरी करता है और कुछ दिन पूर्व ही घर लौटा था। रविवार की शाम किशोर वर्मा किसी काम से गांव की ओर घूमने निकला था। इसी दौरान बैजन्ती देवी ने खुद को कमरे में बंद कर घर की धारण के सहारे रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद पति जब घर वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर जाने पर पत्नी को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। उसने आनन-फानन में पत्नी को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की सूचना बेंगाबाद पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।