आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में महिलाओं व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सम्मान
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गिरिडीह में भी विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है। इसी क्रम में गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 26 स्थित मछली मोहल्ला एवं महादेव तालाब मंदिर परिसर में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव शामिल हुए। नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा उर्फ सिंकु की अध्यक्षता तथा महामंत्री अनिल सिंह और नीतू शोला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पोषण सखियों, सहिया दीदियों के साथ स्थानीय महिलाओं एवं बुजुर्गों को साड़ी देकर सम्मानित किया गया। सुरेश साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा लगातार विभिन्न पहल की जा रही हैं। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ प्रधानमंत्री देश की सेवा में निरंतर तत्पर हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देशवासियों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सुरेश साव ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, अस्पतालों में डॉक्टरों का अभाव है और गरीबों को आवास तथा राशन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के साथ भी खिलवाड़ किया है। साव ने दावा किया कि जनता आने वाले चुनाव में सरकार को जवाब देने के लिए तैयार है। मौके पर कार्तिक डंगेईच, पवन साव, संदीप गुप्ता, मनोज राम, अंजय शर्मा, रेखा देवी, मालती देवी, रीता देवी, अनीता देवी, उर्मिला देवी, माला देवी, लता देवी, शर्मिला देवी, मुन्नी देवी, मधु कुमारी सहित कई लोग मौजूद थे।




.jpeg)

