श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ कन्या पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों की पूजा
जमशेदपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जम्बू अखाड़ा महिला विंग की ओर से जम्बू अखाड़ा प्रांगण में 108 कन्या पूजन सह शस्त्र पूजन का आयोजन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित इस अनुष्ठान में कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया, वहीं शस्त्रों की आराधना कर शक्ति, साहस और परंपरा के प्रति आस्था व्यक्त की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे हुई। इस दौरान छोटी-छोटी कन्याओं को सम्मानपूर्वक कतारबद्ध बैठाया गया। महिलाओं ने हल्दी मिले जल से उनके चरण धोए और उनके पैरों को अलता सुशोभित किया। इसके बाद 108 कन्याओं को स्वास्तिक के आकार में बैठाकर तिलक, अक्षत और पुष्प अर्पित कर उनका स्वागत किया गया। मंदिर के पुरोहित ने दुर्गाष्टक, दुर्गा के 108 नामों के स्तोत्र और सिद्ध कुंजिका स्तोत्र का पाठ किया। मंत्रोच्चार के बीच सभी कन्याओं की आरती उतारी गई और उनके चरण वंदन कर आशीर्वाद लिया गया।
पूजन के बाद कन्याओं को स्टील की थाली और चम्मच भेंट किए गए। इसके साथ ही उन्हें प्रसाद (पूरी, हलवा, चन्ना, खीर, केला, लड्डू) परोसा गया। साथ ही उन्हें चुनरी और दक्षिणा भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में मंदिर के पुरोहित, जम्बू अखाड़ा समिति की महिला विंग की सदस्यों और क्षत्रिय समाज की महिलाओं ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। इस अवसर पर जम्बू अखाड़ा समिति के मुख्य संरक्षक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमरप्रीत सिंह काले, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी, अध्यक्ष ब्रिज किशोर, झारखंड क्षत्रिय संघ की सीतारामडेरा इकाई से निशा सिंह एवं उनकी सहयोगी, सिदगोड़ा इकाई से मनोरमा सिंह एवं उनकी सहयोगी तथा क्षत्रिय समाज संपूर्ण भारत की अध्यक्ष चंदा सिंह उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जम्बू अखाड़ा महिला विंग की रितिका श्रीवास्तव, आरती मुखी, सुलोचना मुंडा, संध्या दास, नमिता सिंह, सविता दास, ममता शाह, गीता कुंडू, सुनीता यादव, पिंकी यादव, निशा, नीतू मुखी, ममता देवी, स्नेहलता, सरोज सिन्हा, संगीता श्रीवास्तव, जमुना दास, सरिता देवी, महालक्ष्मी, लक्ष्मी सरकार, कंचन देवी, गीता कुमारी, शिवानी और पूनम देवी सहित समिति की अन्य सक्रिय सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उक्त कार्यक्रम जम्बू अखाड़ा समिति के संरक्षक बंटी सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। मौके पर उन्होंने कहा कि मां दुर्गा इस सृष्टि के सृजनकर्ता हैं। आदि शक्ति मां दुर्गा की उपासना भर से मनुष्य के सभी कष्टों का निवारण हो जाता है। साथ ही उन्होंने जमशेदपुर के लोगों को शारदीय नवरात्र एवं दशहरा की शुभकामनाएं दी।






