जमशेदपुर : अरका जैन यूनिवर्सिटी (एजेयू) के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड आईटी की ओर से दो दिवसीय वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘टेक्निका 6.0’ का आयोजन किया गया है। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित यूनिवर्सिटी कैंपस में आयोजित इस महोत्सव का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। इस भव्य समारोह में देशभर के 150 से अधिक स्कूलों, पॉलिटेक्निक, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के पांच हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है। इस बार महोत्सव की थीम ‘अविन्या: अचीविंग हार्मनी थ्रू इनोवेशन’ है।
समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण ‘डॉ. रॉयचंद चेनराज सेंटर ऑफ इनोवेशन, स्टार्टअप एंड एंटरप्रेन्योरशिप’ का उद्घाटन रहा। इस नए केंद्र की स्थापना विद्यार्थियों के नए विचारों को पंख देने के लिए की गई है। यहां उन्हें अपने स्टार्टअप शुरू करने और व्यावहारिक समाधान तैयार करने के लिए जरूरी मंच मिलेगा। इसी दौरान शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए अरका जैन यूनिवर्सिटी और कोलकाता के बी.पी. पोद्दार इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी हुए।
उद्घाटन के मौके पर उद्योग और शिक्षा जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें टाटा मोटर्स के डीजीएम (स्किल डेवलपमेंट) प्रशांत मेहता, इंडो डेनिश टूल रूम के जनरल मैनेजर रविंद्र कुमार और टाटा मोटर्स की डीजीएम (एचआर) निलंजना मोहंती शामिल थीं। इनके अलावा अल-कबीर पॉलिटेक्निक के प्राचार्य वारिस एस. इमाम, भालोटिया ऑटो प्रोडक्ट्स लिमिटेड के सीईओ डॉ. हिमांशु शेखर मिश्रा, ऑटोमोटिव एक्सल्स के नवीन शर्मा, चांडिल पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. नीरज प्रियदर्शी और बी.पी. पोद्दार इंस्टीट्यूट की वाइस प्रिंसिपल डॉ. नंदिता सान्याल ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विश्वविद्यालय की तरफ से प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के चेयरपर्सन डॉ. एस.एस. रज़ी, रजिस्ट्रार डॉ. अमित श्रीवास्तव, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. अरविंद कुमार पांडेय और टेक्निका के संयोजक डॉ. अश्विनी कुमार उपस्थित थे।
महोत्सव में जमशेदपुर व झारखंड समेत देशभर के विभिन्न राज्यों में स्थित नामचीन संस्थानों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें अल-कबीर पॉलिटेक्निक, इंडो डेनिश टूल रूम, टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट, डीएवी पब्लिक स्कूल, आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, एमिटी यूनिवर्सिटी, बीआईटी मेसरा और मौलाना अबुल कलाम आजाद यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी प्रमुख हैं। आयोजन में उद्योग जगत की भागीदारी भी काफी मजबूत रही। आरएसबी ट्रांसमिशन, रामकृष्ण फोर्जिंग्स, लार्सन एंड टुब्रो, जेडएफ, बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज और जोस्ट इंडिया जैसी कंपनियों के जुड़ने से उद्योग और अकादमिक जगत के बीच तालमेल बढ़ा है। वहीं सेंको गोल्ड, तनिष्क, टोयोटा, रॉयल एनफील्ड, आईबीएम, एचडीएफसी, मर्सिडीज-बेंज और सुधा डेयरी समेत कई बड़े ब्रांड्स ने इस महोत्सव को अपना सहयोग दिया है।
दो दिवसीय इस आयोजन का समापन शनिवार, 21 नवंबर को होगा। अंतिम दिन की शाम बेहद खास रहने वाली है। बॉलीवुड की मशहूर गायिका अकासा शाम 6:30 बजे से परिसर में अपनी लाइव प्रस्तुति देंगी। उनकी स्टार नाइट के साथ ही इस तकनीकी उत्सव का समापन किया जाएगा।
समारोह में पहुंचे अतिथियों ने तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में विश्वविद्यालय के काम की सराहना की। टेक्निका 6.0 के संयोजक डॉ. अश्विनी कुमार ने कहा कि इस साल की थीम ‘अविन्या’ तकनीक, रचनात्मकता, स्थिरता और मानवीय मूल्यों को एक साथ जोड़ती है। यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी क्षमता दिखाने, नए विचार साझा करने और सीधे उद्योग जगत से जुड़ने का मौका दे रहा है। यह विश्वविद्यालय के उस लक्ष्य को पूरा करता है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है।







