BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: उपायुक्त




अगले दो-तीन दिनों में प्रपत्र-6 के संग्रहण और डिजिटाइजेशन में सुधार लाने का निर्देश, प्रत्येक मतदान केंद्र से कम से कम 20 प्रपत्र जुटाने का लक्ष्य।

जामताड़ा से उदय किशोर सिंह की रिपोर्ट। 
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के कार्यों में तेजी लाने को लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में समीक्षा बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों के साथ प्रपत्र-6 के संग्रहण, डिजिटाइजेशन और एसआईआर से संबंधित अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि जिले के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक कुल 8,502 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं, जो अपेक्षा से काफी कम हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कम प्रगति वाले बीएलओ पर्यवेक्षकों से बूथवार स्थिति की जानकारी ली। साथ ही अगले दो से तीन दिनों में कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने और प्रत्येक मतदान केंद्र से कम से कम 20 प्रपत्र-6 का संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी एईआरओ को बीएलओ पर्यवेक्षकों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक करने तथा उसकी कार्यवाही जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सुनवाई प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन तथा विभिन्न अंचल स्तरों पर लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का भी निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करें। इसके अलावा उन्होंने ईआरओ को प्रत्येक 15 दिनों में एसआईआर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सभी एईआरओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी जुड़े रहे।