BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कृषि यंत्र वितरण योजना में कम आवेदन वाली श्रेणियों के लिए दोबारा निकलेगा विज्ञापन।



उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में भूमि संरक्षण विभाग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि यंत्र वितरण को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि यंत्रों के वितरण, प्राप्त आवेदनों, सत्यापन प्रक्रिया और लाभुकों के चयन की समीक्षा की गई।
बैठक में केंद्र प्रायोजित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM) योजना के अंतर्गत पात्र कृषक समूहों, महिला मंडलों, सीआईजी, एफआईजी और एफपीओ को ट्रैक्टर एवं सहायक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इसके अलावा पात्र किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र वितरित करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने ट्रैक्टर चालित कृषि यंत्रों और अन्य कृषि यंत्रों की विभिन्न श्रेणियों में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। जिन श्रेणियों में लक्ष्य के अनुरूप कम आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनमें दोबारा विज्ञापन प्रकाशित करने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि योजना का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी एवं नियमानुसार पहुंचना चाहिए। उन्होंने कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने, किसानों की उत्पादकता और कार्यक्षमता बढ़ाने तथा खेती में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। साथ ही, विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुशांत कंडुलना, जिला कृषि पदाधिकारी अनूप कुमार हेम्ब्रम, जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी रितु रंजन, डीपीएम जेएसएलपीएस राहुल रंजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।