आयुष विभाग की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर।
रिपोर्ट:उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला आयुष विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, रिक्त पदों पर नियुक्ति, मानदेय भुगतान और स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा पद्धति और इससे जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके। शिविरों के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
उपायुक्त ने आयुष विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करने और आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अवधनाथ यादव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।






