BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, खराब प्रदर्शन करने वाले एएनएम पर होगी कार्रवाई।



रिपोर्ट #उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी एमओआईसी को एएनएम एवं सीएचओ के कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा। खराब प्रदर्शन करने वाले एएनएम से स्पष्टीकरण मांगने और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम के रिक्त पदों का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, बच्चों का पूर्ण टीकाकरण, टीबी उन्मूलन अभियान एवं परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा की गई। टीकाकरण से वंचित बच्चों को चिह्नित कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने आवासीय विद्यालयों एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने तथा निजी अस्पतालों में नवजातों को निःशुल्क टीका देने की व्यवस्था की निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा, आईटीडीए निदेशक जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।