ढाबा-होटलों में चला सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, संचालकों को दिलाई गई शपथ
रिपोर्ट: उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जामताड़ा शहर के विभिन्न ढाबों एवं होटलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार के निर्देश पर जामताड़ा सड़क सुरक्षा समिति की टीम ने अभियान के दौरान ढाबा एवं होटल संचालकों तथा कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी। साथ ही सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग देने का संकल्प दिलाया गया।
अभियान के दौरान टीम ने ढाबा एवं होटल संचालकों से अपने परिसर में वाहनों की सुरक्षित पार्किंग सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि मुख्य सड़क और राजमार्ग पर यातायात बाधित न हो। रात के समय परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, सड़क किनारे रिफ्लेक्टिव टेप लगाने तथा ‘धीमे चलें’ जैसे सुरक्षा संकेतक लगाने पर विशेष जोर दिया गया।
टीम ने संचालकों एवं कर्मचारियों को अपने परिसर में शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन को हतोत्साहित करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से रोकने के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा, दुर्घटना होने की स्थिति में घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने और तत्काल एंबुलेंस सेवा 108 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 को सूचना देने की अपील की गई।
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा प्रबंधन तोसिफ जलीली ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति और व्यवसाय से जुड़े लोगों का भी महत्वपूर्ण दायित्व है। ढाबा एवं होटल संचालक सुरक्षित पार्किंग, पर्याप्त रोशनी और आवश्यक सुरक्षा संकेतक लगाकर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कर्मचारियों एवं वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा ट्रिपल राइडिंग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इस तरह के अभियान जरूरी हैं। सामूहिक प्रयास और यातायात नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।






