करमाटांड़-मदनकट्टा रेलखंड पर युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी
उदय किशोर सिंह की रिपोर्ट
जामताड़ा। जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़-मदनकट्टा रेलखंड पर पोल संख्या 271/4-5 के समीप युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय जानकारी के अनुसार, दोनों करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव के निवासी थे और उनके बीच प्रेम संबंध था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक और युवती ने कथित तौर पर घटना से एक दिन पहले मंदिर में जाकर विवाह किया था। इसके अगले दिन दोनों के शव रेलवे पटरी के समीप मिलने की सूचना सामने आई। इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है तथा मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने बताया कि युवक और युवती एक ही गांव के रहने वाले थे तथा दोनों के बीच प्रेम संबंध था। थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों ने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि, मंदिर में विवाह करने की जानकारी और घटना के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस मामले से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है। घटना ने क्षेत्र में लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
फाइल फोटो



.png)


