मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, डीसी ने की लाभ उठाने की अपील।
उदय किशोर सिंह की रिपोर्ट।
जामताड़ा, 23 अक्टूबर। झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत योग्य घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ दिया जा रहा है। इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने जिले के योग्य उपभोक्ताओं एवं नागरिकों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
उपायुक्त ने लोगों से समय पर बिजली बिल का भुगतान करने, ऊर्जा की बचत करने तथा बिजली का अनावश्यक उपयोग रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली का अवैध उपयोग करने पर विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 126 एवं 135 के तहत जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
उन्होंने नागरिकों को साइबर ठगी के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी। फर्जी बिजली बिल, संदिग्ध फोन कॉल और अनजान लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने की अपील की गई। बिजली चोरी या अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं की सूचना संबंधित विभाग को देने को कहा गया।
उपायुक्त ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अनावश्यक बिजली उपकरणों को बंद रखने, खुले तारों को नहीं छूने तथा खराब और जर्जर तारों को तत्काल बदलवाने की सलाह दी। साथ ही बच्चों को बिजली के उपकरणों एवं खुले तारों से दूर रखने की अपील की।
विद्युत संबंधी शिकायत के लिए संपर्क नंबर: समस्या निवारण हेतु 9031110118, 9031110119 और 9031110120 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा बिजली कॉल सेंटर के नंबर 1912, 18003456570 एवं 9031110121 उपलब्ध हैं। व्हाट्सऐप के माध्यम से शिकायत के लिए 9431135503 पर संपर्क किया जा सकता है। बिजली चोरी की सूचना 9431135515 पर दी जा सकती है। विभाग के अनुसार, सूचनादाता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



.png)


