पाकुड़ के सोनाजोड़ी वृद्धा आश्रम में "आप अकेले नहीं हैं" शिविर का आयोजन
पाकुड़ के सोनाजोड़ी वृद्धा आश्रम में "आप अकेले नहीं हैं" शिविर का आयोजन
• वरिष्ठ नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य जांच व सम्मान
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़ : विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पाकुड़ के तत्वावधान में सोनाजोड़ी स्थित वृद्धा आश्रम में "आप अकेले नहीं हैं" शिविर का आयोजन किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडेय के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में डालसा सचिव रूपा बंदना किरो मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। मेडिकल टीम द्वारा बुजुर्गों के बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा पेट दर्द, गैस, बुखार सहित अन्य सामान्य बीमारियों की दवाएं वितरित की गईं। सचिव रूपा बंदना किरो ने स्वयं बुजुर्गों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और अपने हाथों से फल देकर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर वृद्धा आश्रम के कर्मी, आश्रम में रह रहे वृद्धजन, डॉक्टर, मेडिकल टीम के सदस्य एवं पीएलवी नीरज कुमार राउत मौजूद थे।






