हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग सहित यातायात नियमों की दी गई जानकारी, विद्यार्थियों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ।
रिपोर्ट:उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।
जामताड़ा: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर मिहिजाम अंतर्गत पीएम श्री राजकीयकृत अपग्रेड हाई स्कूल, शहरडाल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी के पर्यवेक्षण में सड़क सुरक्षा एवं पुलिस टीम द्वारा आयोजित इस अभियान में करीब 250 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की जानकारी दी गई।
इस दौरान विद्यार्थियों को "दुर्घटना से पहले अपने अपनों को रोको-टोको" का संदेश देते हुए कहा गया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विद्यार्थियों को गुड सेमेरिटन (नेक मददगार) एवं हिट एंड रन से संबंधित प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों का पालन करने तथा समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली।
मौके पर सूचना प्रौद्योगिकी सहायक सतीश कुमार सिंह, रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट मांज आलम, मिहिजाम थाना के एएसआई राकेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।







