BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार अभियुक्त के खिलाफ इश्तहार चस्पा


विश्रामपुर (पलामू): विश्रामपुर थाना क्षेत्र में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तहार चस्पा किया है। शुक्रवार, 28 नवंबर 2026 को छतरपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव निवासी कुश पासवान, पिता स्वर्गीय नरेश पासवान के विरुद्ध गांव में स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में विधिवत इश्तहार का तामिला कराया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2023 की रात विश्रामपुर थाना क्षेत्र में कृष्ण चंद्रवंशी के मकान में संचालित कबाड़ी दुकान पर अज्ञात अपराधियों द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस संबंध में विश्रामपुर थाना कांड संख्या 43/2023 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।

अनुसंधान के दौरान मोबाइल फोन के उपयोगकर्ता आरिफ चुरी फरोश एवं अप्राथमिकी अभियुक्त राधेश्याम कुमार उर्फ श्याम पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। पुलिस के अनुसार, उनके स्वीकारोक्ति बयान में कुश पासवान की संलिप्तता की बात सामने आई थी। इसके बाद से कुश पासवान फरार चल रहे थे।

पुलिस ने बताया कि फरार अभियुक्त के विरुद्ध माननीय न्यायालय से इश्तहार निर्गत किया गया था, जिसका शुक्रवार को विधिवत तामिला कराया गया। न्यायालय की ओर से अभियुक्त को 4 जनवरी 2027 तक उपस्थित होकर आत्मसमर्पण करने का समय दिया गया है। निर्धारित तिथि तक न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करने पर अभियुक्त के विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

इश्तहार तामिला की इस कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर शैलभ कुमार (विश्रामपुर थाना), वर्तमान लठियां पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।