अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त: जामा मस्जिद रोड से डाबर मोड़ तक चला अभियान, दुकानदारों को अंतिम चेतावनी
मेदिनीनगर (पलामू): शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। रविवार को वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर यातायात प्रभारी रुद्रानन्द सरस के नेतृत्व में जामा मस्जिद रोड से लेकर डाबर मोड़ तक विशेष अतिक्रमण हटाओ और जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क पर सामान फैलाकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए अंतिम चेतावनी दी गई।
सड़क संकीर्ण होने से उत्पन्न हो रही थी जाम की समस्या
शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार जामा मस्जिद रोड से डाबर मोड़ तक कई दुकानदारों और ठेला-खोमचा संचालकों द्वारा अपनी दुकानों के आगे सड़क की सीमा तक सामान और काउंटर लगा दिए गए थे। इसके कारण मुख्य मार्ग काफी संकीर्ण हो गया था, जिससे राहगीरों और वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। आए दिन लग रहे भीषण जाम की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मौके पर हटवाया गया सामान, दी गई सख्त हिदायत
निर्देश के आलोक में यातायात प्रभारी रुद्रानन्द सरस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर लगाए गए काउंटर, ठेले और बाहर रखे सामानों को तत्काल हटवाया। उन्होंने दुकानदारों से सीधे संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि सड़क आम जनता के आवागमन के लिए है, न कि व्यापारिक सामग्री के प्रदर्शन के लिए।
यातायात प्रभारी ने अतिक्रमणकारियों को दो टूक शब्दों में अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि सभी दुकानदार अपनी निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय करें। यदि दोबारा सड़क का अतिक्रमण पाया गया या यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न की गई, तो प्रशासन बिना किसी पूर्व सूचना के बाहर रखे सामानों को जब्त करेगा और संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया, वहीं आम नागरिकों ने जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई है।






