छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव के नाम पर 2 हजार रुपये वसूली का आरोप, हंगामे के बाद पैसे लौटाने की चर्चा
पलामू जिले के छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव कराने के नाम पर एक महिला के परिजनों से 2,000 रुपये वसूले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा जन्म प्रमाण पत्र नहीं देने और इलाज नहीं करने की बात कहकर दबाव बनाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, खैरादोहर की सेविका ज्योति कुमारी की देवरानी रिंकी कुमारी, पति अमरेंद्र कुमार रवि को प्रसव के लिए छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार की देर रात महिला ने सामान्य प्रसव के माध्यम से एक बच्ची को जन्म दिया।
आरोप है कि प्रसव के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने नारी काटने के नाम पर 2,000 रुपये की मांग की। परिजनों का कहना है कि पैसे नहीं देने पर जन्म प्रमाण पत्र और इलाज से संबंधित परेशानी होने की बात कहकर दबाव बनाया गया।
इसके बाद सेविका ज्योति कुमारी ने रात में ऑनलाइन फोन-पे के माध्यम से 500-500 रुपये की दो किस्तों में कुल 1,000 रुपये का भुगतान किया। वहीं, शेष 1,000 रुपये उनके देवर अमरेंद्र कुमार ने सुबह नकद दिए।
मामले को लेकर अस्पताल में हंगामा होने के बाद संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा पैसे वापस किए जाने की बात भी सामने आई है। साथ ही शिकायतकर्ता से लिखित आवेदन देने को कहा गया है।






