अनुमण्डलीय अस्पताल हुसैनाबाद में एचआईवी/एड्स पर चलाया गया जागरूकता अभियान
हुसैनाबाद : झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में गुरुवार को अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद स्थित आईसीटीसी केंद्र के सम्मेलन कक्ष में एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ शशि भूषण ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन के बीच एचआईवी/एड्स के प्रति सही एवं वैज्ञानिक जानकारी का प्रसार करना, इससे जुड़ी भ्रांतियों एवं सामाजिक कलंक को दूर करना तथा प्रभावित व्यक्तियों को समय पर जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधाओं से जोड़ना था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को एचआईवी संक्रमण के प्रसार के माध्यमों, बचाव के उपायों, नियमित जांच तथा एआरटी सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि सही जानकारी, समय पर जांच एवं नियमित उपचार के माध्यम से एचआईवी से प्रभावित व्यक्ति भी स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकते हैं। साथ ही, समाज में जागरूकता, संवेदनशीलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा प्रतिभागियों के बीच जागरूकता सामग्री एवं किट का वितरण किया गया। आपसी संवाद एवं सहभागिता के माध्यम से एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समुदाय की क्षमता निर्माण पर विशेष बल दिया गया।कार्यक्रम में प्रतिभागियों को निःशुल्क एवं गोपनीय एचआईवी जांच, परामर्श तथा उपचार संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097 के बारे में भी अवगत कराया गया, जिसके माध्यम से आमजन एचआईवी/एड्स से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में एआरटी सेंटर, हुसैनाबाद के कर्मियों, स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाओं से जुड़े सदस्यों तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने, सामाजिक भेदभाव एवं कलंक को समाप्त करने तथा एक स्वस्थ, जागरूक एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।






