बिना नक्शा पास कराए हो रहा था भवन निर्माण, नगर पंचायत ने किया सील
तीन बार नोटिस देने के बाद भी निर्माण कार्य जारी रखने पर कार्रवाई, भवन मालिक पर लगाया गया एक लाख रुपए का फाइन
पलामू :हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में बिना नक्शा स्वीकृत कराए भवन निर्माण करना भवन मालिक को महंगा पड़ गया। नगर पंचायत प्रशासन ने बुधवार को ब्लॉक के समीप एनएच-139 किनारे बन रहे एक भवन को सील कर दिया। साथ ही भवन मालिक पर न्यूनतम एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी फैजुर रहमान अंसारी ने बताया कि भवन मालिक प्रमोद सिंह, पिता स्वर्गीय जूगेश सिंह, ग्राम डेहरी, पोस्ट मटपा, थाना कुटुंबा, जिला औरंगाबाद (बिहार) निवासी हैं। उनके द्वारा नगर पंचायत से भवन निर्माण का नक्शा स्वीकृत कराए बिना ही निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इस मामले में नगर पंचायत की ओर से पिछले तीन महीने के दौरान तीन बार नोटिस जारी कर नक्शा स्वीकृत कराने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद भवन मालिक ने न तो नक्शा पास कराया और न ही निर्माण कार्य बंद किया। लगातार निर्देशों की अनदेखी किए जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए निर्माणाधीन भवन को सील करने की कार्रवाई की। कार्यपालक पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में नए भवन का निर्माण कराने से पहले संबंधित भवन मालिक नगर पंचायत से नक्शा स्वीकृत अवश्य करा लें। बिना स्वीकृति निर्माण कराने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान सिटी मैनेजर नजीबुल्लाह अंसारी, जेई कुलदीप कुमार, नीरज कुमार, अमीन रविंद्र कुमार यादव, श्याम कुमार एवं होल्डिंग टैक्स इंचार्ज रविंद्र कुमार यादव सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।






