आम कार्यकर्ता को राष्ट्रीय जिम्मेदारी देकर कांग्रेस ने संगठन को सर्वोपरि साबित किया : बिट्टू पाठक
मेदिनीनगर
पलामू के पूर्व जिला कोऑर्डिनेटर भीम कुमार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) का राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड का सह-प्रभारी बनाए जाने से पलामू जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और हर्ष की लहर है। स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इस मनोनयन को संगठन के प्रति भीम कुमार की दीर्घकालिक निष्ठा, समर्पण और जमीनी मेहनत का सम्मान करार दिया है।
इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव सह पूर्व जिलाध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक आम कार्यकर्ता को राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारी सौंपकर यह साबित कर दिया है कि पार्टी में व्यक्ति नहीं, बल्कि संगठन सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि समर्पण और मेहनत के बल पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को हमेशा उचित सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं।
बिट्टू पाठक ने कहा कि भीम कुमार ने पूर्व में पलामू में संगठन की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ निभाई। उनके संगठनात्मक अनुभव, कार्यक्षमता और राजनीतिक कौशल पर भरोसा जताते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय सचिव व उत्तराखंड सह-प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। यह उपलब्धि जिले के अन्य कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने भीम कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन्होंने भी दी बधाई
भीम कुमार के मनोनयन पर अजय साहू, शमीम अहमद राईन, ईश्वरी सिंह, विनोद पाठक, सच्चिदानंद मिश्रा, नफीस खान, देवांग शुक्ला, सौरव पांडेय, कमल कौशल पासवान, रामानंद पांडेय, सुरेंद्र सिंह, तुलसी पासवान, मिट्ठू खान, सनु खान, अमिताभ शर्मा, खुर्शीद खान, मीर खुर्शीद आलम, बिपिन यादव, रोहित पाठक, उमेश यादव, पीयूष गुप्ता और दयानंद सिंह समेत कई कांग्रेसजनों ने हर्ष जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।






