BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी परीक्षा कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : अविनाश देव



संत मरियम विद्यालय, कजरी में परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षकों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

मेदिनीनगर। 

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर संत मरियम विद्यालय, कजरी में विद्यालय के अध्यक्ष अविनाश देव ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षकों एवं कर्मियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक), रांची के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए अविनाश देव ने कहा कि वर्तमान समय में देश के विभिन्न हिस्सों से पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसी घटनाओं से न केवल परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होती है, बल्कि मेहनत करने वाले लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर भी असर पड़ता है। इसलिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक परीक्षार्थी की जांच निर्धारित नियमों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी परीक्षार्थी अपने साथ ऐसी प्रतिबंधित अथवा आपत्तिजनक सामग्री लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश न करे, जिससे परीक्षा की शुचिता प्रभावित हो। जैक एवं प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए।

अविनाश देव ने शिक्षकों को विशेष रूप से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार का पक्षपात, भेदभाव अथवा व्यक्तिगत संबंधों का प्रभाव स्वीकार्य नहीं होगा। परीक्षा केंद्र में सभी परीक्षार्थियों के साथ समान व्यवहार किया जाए। चाहे कोई दिव्यांग परीक्षार्थी हो, अपने भविष्य और पदोन्नति के लिए परीक्षा दे रहा अभ्यर्थी हो अथवा किसी शिक्षक, कर्मचारी, परिचित या रिश्तेदार का परिजन हो, सभी के लिए नियम समान रहेंगे। परीक्षा की निष्पक्षता के साथ किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। शिक्षक एवं परीक्षा कर्मी पूरी सतर्कता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को अनावश्यक परेशानी न हो और किसी को अनुचित लाभ भी न मिले।

अंत में अविनाश देव ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपील की कि वे पूरी तैयारी, आत्मविश्वास और ईमानदारी के साथ परीक्षा में शामिल हों तथा किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का प्रयोग न करें।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जैक एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संत मरियम विद्यालय, कजरी परीक्षा केंद्र पर झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाएगा परीक्षा में न कोई अपना, न पराया—सभी परीक्षार्थियों के लिए एक समान नियम और निष्पक्ष व्यवस्था।