BREAKING NEWS

logo

रेहला में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर


पलामू : रेहला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान रेहला निवासी दिनेश कुमार चंद्रवंशी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रात में किसी काम से अपने परिचित के घर गया था। इसी दौरान घर के बाहर कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में दिनेश को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रेहला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवक की हालत अभी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
इधर, रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।