पलामू में ट्रैफिक थाना और ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना की मांग तेज
पलामू में ट्रैफिक थाना और ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना की मांग तेज, छतरपुर-पूर्वी जिला पार्षद सह FJCCI के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित जायसवाल ने पलामू DIG को सौंपा मांग पत्र
छतरपुर : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्या को देखते हुए अब अलग से ट्रैफिक थाना और ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना की मांग तेज हो गई है। शहर के लोगों, व्यवसायियों और आम नागरिकों की परेशानियों को देखते हुए इसको लेकर एक पहल की गई है।
इसी कड़ी में छतरपुर-पूर्वी के जिला पार्षद सह फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के पलामू प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक महोदय, मेदिनीनगर को एक मांग पत्र सौंपा है।
पत्रांक संख्या 03, दिनांक 02-11-26 के माध्यम से प्रेषित इस पत्र में उन्होंने विस्तार से पलामू की यातायात समस्याओं का जिक्र किया है। उन्होंने कहा है कि पलामू जिला मुख्यालय सिटी मेदिनीनगर का लगातार विस्तार हो रहा है। शहर की आबादी में वृद्धि, वाहनों की बेतहाशा बढ़ती संख्या, अव्यवस्थित और बेतरतीब पार्किंग, अतिक्रमण एवं यातायात प्रबंधन की कमी के कारण आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यवसायियों को आए दिन घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि खासकर मुख्य बाजार, छह मुहान चौक, बैरिया चौक, बस स्टैंड, अस्पताल चौक, कचहरी और स्कूल-कॉलेज के पास सुबह-शाम जाम आम बात हो गई है। त्योहार और बाजार के दिनों में तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
अमित जायसवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान व्यवस्था में यातायात से संबंधित समस्याओं का प्रभावी, पारदर्शी और त्वरित समाधान नहीं हो पा रहा है। जिले में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने, नो पार्किंग में लगे वाहनों पर कार्रवाई तथा चालान की कार्रवाई का पारदर्शी एवं उचित निष्पादन करने के लिए अलग से ट्रैफिक थाना की स्थापना अत्यंत आवश्यक हो गई है।
उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए पलामू DIG महोदय से विनम्र आग्रह किया है कि पलामू जिले में अविलंब ट्रैफिक थाना की स्थापना एवं एक ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
इस मांग पत्र सौंपने के दौरान पलामू चेंबर के उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, पंकज जायसवाल, अंशुल उदयपुरिया सहित अन्य व्यवसायी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस मांग का समर्थन किया।
अमित जायसवाल ने अंत में कहा कि ट्रैफिक थाना और ट्रैफिक डीएसपी के आने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित होगी, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, जाम से निजात मिलेगी और आम जनता को काफी राहत मिलेगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि DIG महोदय जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक पहल करेंगे।






