पलामू में ट्रैफिक थाना और ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना की मांग तेज, DIG को सौंपा मांग पत्र
मेदिनीनगर में जाम से निजात दिलाने की पहल, अमित जायसवाल ने ट्रैफिक थाना खोलने की उठाई मांग
मेदिनीनगर : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्या को देखते हुए अब अलग से ट्रैफिक थाना और ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना की मांग तेज हो गई है। शहर में बढ़ते वाहनों की संख्या, अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान को लेकर छतरपुर-पूर्वी के जिला पार्षद सह फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के पलामू प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) को मांग पत्र सौंपा है।
दिनांक 2 नवंबर 2026 को पत्रांक संख्या 03 के माध्यम से सौंपे गए मांग पत्र में उन्होंने पलामू की यातायात समस्याओं का विस्तार से उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय मेदिनीनगर का लगातार विस्तार हो रहा है। शहर की आबादी में वृद्धि और वाहनों की बेतहाशा बढ़ती संख्या के साथ अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण एवं यातायात प्रबंधन की कमी के कारण आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यवसायियों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य बाजार, छह मुहान चौक, बैरिया चौक, बस स्टैंड, अस्पताल चौक, कचहरी और स्कूल-कॉलेज के आसपास सुबह-शाम जाम की स्थिति बनी रहती है। त्योहारों और बाजार के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। इससे लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है।
अमित जायसवाल ने मांग पत्र में कहा कि वर्तमान यातायात व्यवस्था के तहत समस्याओं का प्रभावी, पारदर्शी और त्वरित समाधान नहीं हो पा रहा है। जिले में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने, नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने तथा चालान की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अलग से ट्रैफिक थाना की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने पलामू DIG से जनहित को ध्यान में रखते हुए जिले में अविलंब ट्रैफिक थाना की स्थापना और एक ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
मांग पत्र सौंपने के दौरान पलामू चेंबर के उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, पंकज जायसवाल, अंशुल उदयपु अन्य उपस्थित थे।






