BREAKING NEWS

logo

राज्यपाल और DGP से मिले देवेश तिवारी, पलामू में बढ़ते अपराध व सड़क हादसों पर जताई चिंता



 पलामू:  जिले में बढ़ते अपराध और सड़क दुर्घटनाओं के मुद्दे को लेकर राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य देवेश तिवारी ने सोमवार को रांची स्थित लोक भवन में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने पलामू जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था एवं लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की ओर राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट कराया।
देवेश तिवारी ने राज्यपाल को बताया कि पलामू में अपराध की घटनाओं और सड़क हादसों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने इन मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। राज्यपाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।
इसी क्रम में देवेश तिवारी ने झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदासा मिश्रा से भी मुलाकात की। उन्होंने पलामू में बढ़ते अपराध, सड़क दुर्घटनाओं तथा पूर्व पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की। डीजीपी ने संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया।
देवेश तिवारी ने कहा कि पलामू जिले से अपराध और अपराधियों के समूल उन्मूलन के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए वे हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे।
देवेश तिवारी वर्तमान में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य हैं।