मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बदहाल व्यवस्था: खुद ट्रॉली धकेलने को मजबूर हैं मरीजों के परिजन
पलामू प्रमंडल के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य केंद्र, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पटरी से उतरती नजर आ रही हैं। अस्पताल परिसर में इन दिनों एक बेहद संवेदनशील और लापरवाही भरी तस्वीर आम हो गई है, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों के परिजन खुद ही स्ट्रेचर और ट्रॉली धकेल कर अपने मरीजों को एक भवन से दूसरे भवन तक ले जाने को मजबूर हैं। अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों की सुविधा के लिए तैनात किए गए ट्रॉली मैन अपनी मूल जिम्मेदारी से नदारद रहते हैं, जिसका सीधा खामियाजा दूर-दराज से आने वाले गरीब और असहाय मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
महिला वार्ड में तैनात कर्मियों पर लापरवाही का आरोप
अस्पताल सूत्रों और मरीजों के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल के महिला वार्ड में मरीजों को लाने-ले जाने के लिए दो ट्रॉली मैन—मुकेश और ओमप्रकाश की ड्यूटी लगाई गई है। हालांकि, आरोप है कि ये दोनों कर्मी कभी भी मरीजों को ट्रॉली से ले जाते हुए दिखाई नहीं देते। अपने निर्धारित कार्य को करने के बजाय, वे महिला वार्ड में चिकित्सकों के साथ ऑपरेशन से जुड़े कार्यों या अन्य अलग व्यवस्थाओं में व्यस्त रहते हैं।
गंभीर मरीजों की जान पर बन रही आफत
ट्रॉली मैन के नदारद रहने के कारण प्रसव पीड़ा से कराहती महिलाओं और अन्य गंभीर मरीजों के परिजनों को खुद ही ट्रॉली संभालनी पड़ती है। कई बार परिजनों को ट्रॉली चलाने का सही अनुभव न होने के कारण मरीजों को झटके लगते हैं, जिससे उनकी स्थिति और बिगड़ने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा, अस्पताल के अलग-अलग विभागों और जांच केंद्रों तक मरीजों को ले जाने में परिजनों को भारी शारीरिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से इस गंभीर मामले पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार सख्ती से निगरानी की जाए, तो मरीजों को इस अनावश्यक परेशानी से निजात मिल सकती है।






