दुबई में चार माह से हिरासत में बंद युवक की वतन वापसी का प्रयास तेज
हुसैनाबाद (पलामू): पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी 23 वर्षीय शशि कुमार पासवान की वतन वापसी को लेकर प्रयास जारी है। वह पिछले चार माह से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस हिरासत में है। इस मामले में विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक रूप से जानकारी साझा की है। विदेश मंत्रालय के अवर सचिव अरूप कुमार साहा ने बिहार सरकार के अनुसूचित जाति व जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन के निजी सचिव को पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया है। पत्र के अनुसार, शशि कुमार पासवान के खिलाफ दुबई के अल रशीदिया पुलिस स्टेशन में वित्तीय धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इस संबंध में केस संख्या 27175/26 दर्ज की गई है। मामला दुबई की अदालत में भेज दिया गया है। इसकी पहली सुनवाई 16 नवंबर और दूसरी सुनवाई 23 नवंबर को हुई है। मंत्रालय की ओर से उसके परिजनों को मामले की प्रगति से लगातार अवगत कराया जा रहा है।
शशि की रिहाई और वतन वापसी को लेकर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की पथरा पंचायत के मुखिया नरेश पासवान के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने बीते 12 नवंबर को लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और पार्टी के एमएलसी अशरफ अंसारी व बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन से मुलाकात की थी। शिष्टमंडल ने नेताओं को पूरे मामले की जानकारी देते हुए युवक की रिहाई के लिए पहल करने की मांग की थी। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने आश्वासन दिया था कि लोक जनशक्ति पार्टी प्रवासी मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को भी मामले से अवगत कराया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ददरा गांव निवासी ललन पासवान का पुत्र शशि कुमार पासवान विगत 26 अप्रैल 2025 को रोजगार के सिलसिले में संयुक्त अरब अमीरात गया था। वह अबूधाबी स्थित पायनियर जनरल कंस्ट्रक्शन एलएलसी कंपनी में हेल्पर के पद पर कार्यरत था। वह दो साल के लिए वहां गया था। इसी बीच उसकी बहन की शादी 26 जून को तय हुई। परिजनों के अनुसार, बहन की शादी की सूचना मिलने के बाद वह कानूनी और अन्य प्रक्रियाओं के बीच ऐसी परिस्थिति में फंस गया, जिसके बाद उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो गया।
शशि की रिहाई के लिए कई सामाजिक कार्यकर्ता अपने स्तर से प्रयास कर रहे हैं। इस मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी शशि की पत्नी से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली थी। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया था। अब परिजनों और ग्रामीणों को विदेश मंत्रालय तथा जनप्रतिनिधियों की पहल से शशि की सुरक्षित वतन वापसी की उम्मीद जगी है।






