ई-शिक्षा महोत्सव में हरिहरगंज में स्तरोनन्त उच्च विद्यालय सुल्तानी का जलवा, विद्यार्थियों ने जीते मेडल व प्रशस्ति पत्र
पलामू :हरिहरगंज प्रखंड संसाधन केंद्र, हरिहरगंज की ओर से आयोजित प्रखंड स्तरीय ई-शिक्षा महोत्सव (आईसीटी चैंपियनशिप) में स्तरोन्नत उच्च विद्यालय, सुल्तानी के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। सोमवार को आयोजित कक्षा 9 से 12 वर्ग की इस डिजिटल प्रतियोगिता में विद्यार्थिय पीयूष सिंह, दीपक कुमार, अनुराग कुमार, पीयूष कुमार, अंजली कुमारी, प्रीति कुमारी, शालू कुमारी ने अपने कंप्यूटर कौशल, तकनीकी ज्ञान और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेडल एवं प्रशस्ति पत्र हासिल किए। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, विशेषकर आईसीटी प्रशिक्षक बिपुल कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण को दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की रुचि और लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने प्रखंड स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है। इस अवसर पर शिक्षक सौरव उपाध्याय, मृणाल कांति पाल, संजीव कुमार, ब्रजेश कुमार चौबे, विनोद कुमार सिंह एवं बृजबिहारी राम ने भी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






