कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था में डूबा हुसैनाबाद, सोन-कोयल घाटों से लेकर काजरात सूर्य मंदिर तक उमड़ा जनसैलाब
पलामू :हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा का पर्व पूरी श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। भोर होते ही नदियों के घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। हर ओर हर-हर महादेव, जय सूर्य देव और गंगा मैया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सोन नदी के देवरी एवं दंगवार घाट, कोयल नदी तथा कररबार नदी के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया, दीपदान किया और अपने परिवार की सुख-शांति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की। महिलाओं ने व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
वहीं हुसैनाबाद प्रखंड के कररबार नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर काजरात में आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। यहां काजरात, नावाडीह, लामार, करमरी, रजबरिया खुर्द, रजबरिया कला सहित आसपास के दर्जनों गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने सूर्य मंदिर में पूजन-अर्चन कर भगवान सूर्य को जल अर्पित किया और परिजनों के सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।
पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया।






