एमएमसीएच से अंबेडकर तालाब तक सड़क को उपयोगी बनाने की दिशा में पहल,डीसी-डीडीसी ने किया निरीक्षण
मेदिनीनगर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने गुरुवार को एमएमसीएच में चिकित्सा व्यवस्थाओं के निरीक्षण के पश्चात अस्पताल परिसर से जुड़ी सड़कों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों पदाधिकारियों ने एमएमसीएच के बाहर सड़क मार्ग को आमजनों के लिए अधिक सुगम एवं उपयोगी बनाने को लेकर स्थल निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उस सड़क का अवलोकन किया गया जो एमएमसीएच के शिशु वार्ड के समीप से निकलकर विनय मोड़ होते हुए साहित्य समाज चौक तक जाती है। इसके अतिरिक्त शिशु वार्ड के पास से ही निकलने वाली एक अन्य सड़क, जो वर्तमान में उपयोग करने योग्य स्थिति में नहीं है, उसका भी निरीक्षण किया गया। यह सड़क सीधे अंबेडकर तालाब के समीप जाकर निकलती है।अधिकारियों ने सड़क को आमजनों के आवागमन योग्य बनाने की संभावनाओं का आकलन किया। बताया गया कि सड़क के सुगम होने से एमएमसीएच क्षेत्र में अनावश्यक ट्रैफिक दबाव कम होगा तथा लोगों को वैकल्पिक आवागमन मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये।





