जनसमस्याओं के समाधान को लेकर नगर आयुक्त से मिले जेएलकेएम प्रवक्ता
मेदिनीनगर:
शहर की बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर जेएलकेएम (JLKM) के प्रमंडलीय प्रवक्ता आशुतोष कुमार तिवारी ने नगर निगम के नगर आयुक्त रंजीत लाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से जुड़े कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए त्वरित व स्थायी समाधान की मांग की।
मुलाकात के क्रम में शहर के विभिन्न वार्डों में नियमित कचरा उठाव, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, जर्जर सड़कों के सुधार तथा नालियों की नियमित साफ-सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर आशुतोष कुमार तिवारी ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम के साथ-साथ हम सभी नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में लंबे समय से कचरा उठाव न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर आयुक्त से इस दिशा में ठोस और सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
कचरे की फोटो भेजकर करें शिकायत
चर्चा के दौरान यह जानकारी सामने आई कि नगर निगम की ओर से कचरा उठाव से संबंधित शिकायतों और सूचनाओं के लिए व्हाट्सऐप नंबर 7529031277 जारी किया गया है। शहर के नागरिक अपने मोहल्ले या आसपास जमा कचरे की तस्वीर खींचकर इस नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से भेज सकते हैं, ताकि संबंधित शाखा को सूचित कर समय पर उठाव की कार्रवाई की जा सके। आशुतोष कुमार तिवारी ने शहरवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।
इस मौके पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष राजा पाठक, समाजसेवी आशीष भारद्वाज, पिंटू कुशवाहा, ओम श्रीवास्तव और राहुल सहित अन्य लोग मौजूद थे।






