पलामू पुलिस की बड़ी सफलता: CEIR पोर्टल की मदद से 79 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे गए
मेदिनीनगर :पलामू पुलिस ने तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए गुम हुए मोबाइलों को खोजने के विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत बुधवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद कुल 79 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए गए। अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता
पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस की तकनीकी टीम ने भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR - सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल का उपयोग किया। लगातार ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण के बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों से ये मोबाइल बरामद किए गए। बरामद किए गए अधिकांश फोन पिछले दो महीनों के भीतर गुम हुए थे, जबकि कुछ पुराने मामले भी सुलझाए गए हैं। सभी दावेदारों के दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन करने के बाद थाना स्तर पर फोन सुपुर्द किए गए।






