संविधान दिवस पर चैनपुर थाना में पुलिसकर्मियों ने ली संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की शपथ
पलामू :चैनपुर संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को चैनपुर थाना परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी लाल जी के नेतृत्व में सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर शपथ ग्रहण की।
इस दौरान उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों ने भारत की संप्रभुता, एकता, अखंडता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और गणराज्य के आदर्शों को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया। साथ ही न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों को अपने दैनिक कर्तव्यों में उतारने का प्रण भी लिया गया।
थाना प्रभारी लाल जी ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। यह हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि एक पुलिसकर्मी के लिए संविधान के मूल्यों को समझना और उनके अनुसार कार्य करना सबसे बड़ी देशभक्ति है।
उन्होंने सभी जवानों को निर्देश दिया कि वे निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ आम जनता की सेवा करें। कानून के शासन को सर्वोपरि रखते हुए हर नागरिक को समय पर न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराना ही पुलिस का प्रमुख धर्म है।
कार्यक्रम के दौरान संविधान की गरिमा, उसकी सर्वोच्चता तथा उसमें निहित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि हमारे जीवन जीने की पद्धति है।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में चैनपुर थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी, जवान और कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे।






