भरत तिवारी इनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मेदिनीनगर में आक्रोश रैली
पलामू: बिहार में हुए भरत तिवारी इनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग को लेकर रविवार को पलामू मुख्यालय मेदिनीनगर में राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी के बैनर तले आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और मामले की स्वतंत्र तथा निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार से पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
आक्रोश रैली को कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का भी समर्थन मिला। सनातन धर्म सभा, रक्षा सूत्र परिवार सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने रैली में शामिल होकर एकजुटता प्रदर्शित की और निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन किया।
मौके पर राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी के प्रदेश संरक्षक मनु प्रसाद तिवारी, उपाध्यक्ष अनील दुबे, सुशील तिवारी, राजीव रंजन पाण्डेय, सुनील पाण्डेय, सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी, महासचिव राम प्रकाश तिवारी, पांकी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रूद्र शुक्ला, जिलाध्यक्ष मनीष ओझा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं युवा मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है। रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।





