विषाक्त भोजन से 400 से अधिक की बिगड़ी तबीयत, इलाके में दहशत का माहौल
छतरपुर (पलामू) : नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ खरडीहा गांव में आयोजित गृह प्रवेश समारोह का भोजन करने से 400 से अधिक लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। उल्टी, पेट दर्द, बदन दर्द और बुखार की शिकायत के बाद बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। रविवार सुबह से छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जमुआ खरडीहा निवासी विमलेश यादव के घर गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें आसपास के कई गांवों के लोगों ने भोजन किया था। भोजन के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते बीमारों की संख्या 400 के पार पहुंच गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में शिवनंदन यादव, मंजू देवी, उर्मिला देवी, ललिता देवी, आकाश कुमार, शुभम कुमार, केसरी यादव, दिलीप कुमार, प्रदीप यादव, किशुन यादव, बरती देवी और निशा कुमारी समेत 100 से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा कई बीमारों का उपचार नौडीहा बाजार और सरईडीह में किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से प्रभावित कई लोग बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर पहुंचे हैं।
अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त भोजन (फूड प्वाइजनिंग) का प्रतीत हो रहा है और अस्पताल पहुंचने वाले सभी मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समारोह में बचे भोजन को नष्ट करा दिया है तथा नमूने जांच के लिए भेजे हैं। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।






